मोहेरा पहुंचे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, निराई माता मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के दिए निर्देश

0

 

मोहेरा पहुंचे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, निराई माता मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के दिए निर्देश



उत्तम साहू 

धमतरी, 13 मार्च 2026। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बीते दिन जिले के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम मोहेरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध निराई माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।



दर्शन के बाद कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांव में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय आवश्यकताओं पर चर्चा की। ग्रामीणों ने बताया कि निराई माता मंदिर की विशेष धार्मिक मान्यता है और यह मंदिर साल में केवल एक बार खुलता है। उस दौरान लगने वाले मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर तक पहुंचने का मार्ग दुर्गम होने और परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मंदिर तक व्यवस्थित सड़क और सीमेंटीकरण की मांग भी रखी।



श्रद्धालुओं की सुविधा और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर मिश्रा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को मंदिर परिसर में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में टाइल्स लगाने, प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइट स्थापित करने, पेयजल और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।

इस अवसर पर निराई माता सेवा समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह ध्रुव ने मंदिर की परंपरा और यहां आयोजित होने वाली जात्रा के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी ओंकार ध्रुव, नरोत्तम ध्रुव, पुलेश्वर ध्रुव, समिति के सचिव हेमंत ध्रुव, कोषाध्यक्ष अश्वनी ध्रुव, मोहेरा सरपंच भालेश्वरी कश्यप, जनपद सदस्य राजकुमारी कश्यप सहित रोहित ध्रुव और अमृतलाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन जिले के अंतिम छोर तक विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !