अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, कुरूद और अर्जुनी में दो आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी, 8 मार्च। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना कुरूद और थाना अर्जुनी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेचते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में देशी शराब और नगदी सहित कुल 3,870 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई थाना कुरूद क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-30 स्थित ग्राम सेनचुवा मोड़ नहर पार के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 18 पौवा देशी मशाला शराब जिसकी कीमत 1,800 रुपये तथा बिक्री की 350 रुपये नगदी जब्त की गई। इस प्रकार कुल 2,150 रुपये का मशरूका जब्त कर आरोपी कान्हा साहू (22 वर्ष), निवासी सेमरा (बी), थाना कुरूद के खिलाफ अपराध क्रमांक 59/26 धारा 34(1) ख आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई थाना अर्जुनी क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तेलीनसत्ती बायपास ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से 17 पौवा देशी प्लेन शराब जिसकी कीमत 1,360 रुपये और 360 रुपये नगदी जब्त की गई। इस तरह कुल 1,720 रुपये का मशरूका जब्त कर आरोपी हिरेन्द्र बंजारे (32 वर्ष), निवासी देमार, थाना अर्जुनी के खिलाफ अपराध क्रमांक 35/26 धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

