माध्यमिक शाला पंडरीपानी (मॉल) में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर “आओ ढूंढे कहां-कहां है विज्ञान” कार्यक्रम आयोजित
उत्तम साहू
नगरी। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर माध्यमिक शाला पंडरीपानी (मॉल) में “आओ ढूंढे कहां-कहां है विज्ञान” थीम पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा रिबन काटकर की गई।
इस अवसर पर समिति के शिक्षाविद श्री तुकाराम साहू और अध्यक्ष श्री बलदाऊ साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच का विकास होना बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नई खोज की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की विज्ञान शिक्षिका ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भौतिकी के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित महान वैज्ञानिक डॉ. सी.वी. रमन के जीवन और उनके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने रमन प्रभाव की खोज और उसके महत्व को भी सरल शब्दों में समझाया।
इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान के विभिन्न मॉडल और गतिविधियों का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में डाइट नगरी से आए सहायक प्राध्यापक श्री जोहन नेताम और विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री प्रकाश चंद साहू सहित ग्रामीणजन, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने विज्ञान मॉडलों का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में छिपलीपारा सिहावा, गढ़ियापारा, भतकापारा और टांगापानी सहित आसपास के विद्यालयों से आए शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला के सभी शिक्षकों और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के साथियों का विशेष सहयोग रहा।




