कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल: अधिकारी गोद लेंगे आंगनबाड़ी केंद्र,समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

0

 

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल: अधिकारी गोद लेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश 

बच्चों के पोषण और सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस



उत्तम साहू 

धमतरी, 16 मार्च 2026। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने और बच्चों के पोषण व देखभाल को बेहतर करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नई पहल शुरू की है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले की चिन्हित आंगनबाड़ियों को विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी गोद लेंगे और उनकी नियमित निगरानी करेंगे।

बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले की लगभग 100 आंगनबाड़ी केंद्रों को चिन्हांकित किया गया है। इन केंद्रों को कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को गोद दिया जाएगा, ताकि वहां की व्यवस्थाओं में सुधार लाया जा सके और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गोद ली गई आंगनबाड़ियों का नियमित निरीक्षण करें और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का आकलन करें। उन्होंने कहा कि भवन की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय की स्वच्छता, साफ-सफाई, बच्चों को समय पर गर्म और पौष्टिक भोजन तथा रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही बच्चों में कुपोषण की स्थिति, टीकाकरण की प्रगति और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

कलेक्टर मिश्रा ने यह भी कहा कि अधिकारी फील्ड भ्रमण के दौरान संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों का अनिवार्य रूप से दौरा करें और ग्राम सचिव व सरपंच के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेल-खिलौने और अन्य छोटी-छोटी जरूरतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने मगरलोड विकासखंड स्थित निराई माता मंदिर में नवरात्रि की पंचमीं तिथि पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर वर्ष में केवल एक दिन श्रद्धालुओं के लिए खुलता है, इसलिए पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए।

इसके अलावा बैठक में राजस्व प्रकरणों, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने अटल सेवा केंद्रों को सशक्त बनाकर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों, विशेषकर मगरलोड और नगरी विकासखंड के ग्रामीण इलाकों में सरकारी सेवाएं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही इन केंद्रों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !