कुरूद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के वाणिज्यिक उपयोग पर कार्रवाई, सिलेंडर व उपकरण जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 16 मार्च। जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के वाणिज्यिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत कुरूद में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठान से सिलेंडर और गैस उपकरण जब्त किए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को कुरूद तहसील क्षेत्र के विभिन्न वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान लक्की गैस चूल्हा एवं बर्तन भंडार, कुरूद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जाता पाया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से 3 खाली और 1 भरा हुआ एचपी गैस सिलेंडर, साथ ही डबल बर्नर गैस चूल्हा, पाइप और रेगुलेटर बरामद किया गया। टीम ने उक्त सामग्री को आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित है। वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इसका उपयोग नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए वाणिज्यिक उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें, ताकि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो।

