कुटराबोड़ में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, स्मार्ट क्लास की हुई शुरुआत
उत्तम साहू
पामगढ़, 19 मार्च 2026।दिल्ली मारथोमा पब्लिक स्कूल, कुटराबोड़ में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं नवनिर्मित भवन लोकार्पण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के डायरेक्टर एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा रिबन काटकर नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। इसी अवसर पर विद्यालय में आधुनिक स्मार्ट क्लास का भी शुभारंभ किया गया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत वंदना प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावकगण मंत्रमुग्ध हो गए।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, जिससे उनके प्रतिभा का समुचित विकास हो सके।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक इंदू बंजारे ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा”। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें अधिक से अधिक शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि असफलता से निराश न हों, बल्कि निरंतर प्रयास करते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी।
इस सफल आयोजन में संस्था के अध्यक्ष राइट रेव. ज़खारियास मार अपरेम, प्रबंधक वेरी रेव. डेनियल थॉमस, प्राचार्य रेव. शाजिन शाजी एवं वाइस प्रिंसिपल शकीबा फ़रज़ाना सहित समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

