कलेक्टर का मैदानी दौरा : योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण

0


कलेक्टर का मैदानी दौरा : योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण

गांव-गांव पहुंचकर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी, किसानों को केसीसी पुस्तिका वितरित


उत्तम साहू 

धमतरी, 20 मार्च 2026। जिले में संचालित विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा ने शुक्रवार को विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, कृषि गतिविधियों तथा संस्थागत व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत पोटियाडीह से करते हुए कलेक्टर ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (PACS) एवं हाउसिंग सोसायटी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने खाद-बीज वितरण, ऋण सुविधा और अभिलेख संधारण की समीक्षा की तथा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने और समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान पोटियाडीह में 4000 मैट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण की योजना की जानकारी भी दी गई। साथ ही चना खरीदी केंद्र का शुभारंभ कर किसानों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) पुस्तिका वितरित की।



इसके बाद आमदी नगर पंचायत का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं जल शोधन संयंत्र (WTP) की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए गति बढ़ाने के निर्देश दिए। कॉलेज रोड के निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

डोमा में सोसायटी कार्यों की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जुगड़ेही में किसानों से चर्चा कर मक्का फसल की स्थिति जानी और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।



सुपेला में पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पशुपालन को आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए इस क्षेत्र में और अधिक प्रोत्साहन देने की बात कही। सेमरा बी में सोसायटी कार्यों तथा मक्का एवं उड़द फसल का अवलोकन कर किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी।

भखारा कृषि उपज मंडी में चना खरीदी की व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अभिलेखों के डिजिटलीकरण और आमजन को समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया।



इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए, हितग्राहियों को पारदर्शी और सुगम तरीके से लाभ मिले तथा नियमित मॉनिटरिंग के जरिए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कृषि, पशुपालन और स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र निराकरण और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है, जिसके लिए फील्ड विजिट और सतत समीक्षा जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !