कोसरिया धोबी समाज छत्तीसगढ़-उड़ीसा राज का वार्षिक महाधिवेशन उमरकोट में संपन्न
उत्तम साहू
नगरी/सिहावा। उड़ीसा प्रांत के उमरकोट में 1 मार्च 2026 को कोसरिया धोबी समाज छत्तीसगढ़-उड़ीसा राज का वार्षिक महाधिवेशन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। महाधिवेशन में महासभा के 9 परिक्षेत्र—सिहावा, नवागढ़, कांकेर, पलना, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, जगदलपुर एवं उमरकोट—से बड़ी संख्या में सामाजिक जन, माताएं-बहनें और युवा प्रकोष्ठ के सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के पूज्य संत गाडगे बाबा, नातिन धोबिन दाई, भगवान शिव तथा जगन्नाथ स्वामी के चित्रों की पूजा-अर्चना व आरती के साथ किया गया।
महाधिवेशन की अध्यक्षता शारदा प्रसाद ग्वाले ने की। संरक्षक रामलाल नाग, सचिव लोचन निर्मलकर, सह सचिव निरंजन नाग, कोषाध्यक्ष कैलाश नायक, संगठन सचिव धुनीलाल ग्वाले तथा महामंत्री उमाशंकर कौशिक सहित सभी परिक्षेत्रों के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर उड़ीसा प्रांत के कैबिनेट मंत्री नित्यानंद गोंड तथा पूर्व सांसद रमेश मांझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए समाज के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
महाधिवेशन में आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, अतिथियों व पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा सामाजिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर कुल 9 मुद्दों का निराकरण किया गया। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि वितरित की गई और महासभा निधि का वितरण भी किया गया। साथ ही, आकस्मिक रूप से दिवंगत दो मृतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उमरकोट परिक्षेत्र के अध्यक्ष चूड़ामणि नायक, संरक्षक कैलाश नायक, उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत नाग, सचिव जोशी नायक एवं कोषाध्यक्ष मुन्ना नायक सहित युवा एवं महिला प्रकोष्ठ का आयोजन में विशेष योगदान रहा। जगदलपुर परिक्षेत्र के अध्यक्ष बलदेव नागे ने अपने क्षेत्र की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना से सभा को अवगत कराया, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।
महासभा अध्यक्ष शारदा प्रसाद ग्वाले ने समाज के समग्र विकास के लिए रोडमैप प्रस्तुत करते हुए बदलते समय के अनुरूप पुरानी परंपराओं में सकारात्मक सुधार, नशामुक्ति अभियान, सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन आयोजित करने तथा गरीब व निर्धन वर्ग को आर्थिक सहयोग प्रदान करने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन रामलाल नाग, शारदा प्रसाद ग्वाले एवं लक्ष्मीकांत नाग ने किया तथा आभार प्रदर्शन चूड़ामणि नायक ने किया। उक्त जानकारी महासभा अध्यक्ष शारदा प्रसाद ग्वाले द्वारा दी गई।

