धमतरी जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच होली निर्विघ्न संपन्न

0

 

धमतरी जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच होली निर्विघ्न संपन्न

पेट्रोलिंग, फिक्स पिकेट, ड्रोन निगरानी और फ्लैग मार्च से कानून व्यवस्था रही पूरी तरह नियंत्रण में



          उत्तम साहू धमतरी 05 मार्च 2026

होली पर्व के अवसर पर धमतरी जिले में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। इसके तहत लगातार पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट की स्थापना और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

त्योहार के दौरान पुलिस अधिकारी और जवान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे पूरे जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और लोगों ने होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।


ड्रोन कैमरों से शहर के चप्पे-चप्पे पर रही नजर

आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए पुलिस ने ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी। इससे स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग होती रही और किसी भी संभावित अव्यवस्था पर तुरंत नियंत्रण सुनिश्चित किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक धमतरी ने कंट्रोल रूम से लगातार जिले की स्थिति पर नजर बनाए रखी और सभी थाना प्रभारियों व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनी रही।


होली से पहले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई

होली पर्व से पहले धमतरी पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। जिले में करीब 35 गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और उभरते अपराधियों की परेड कराई गई तथा उन्हें अच्छा आचरण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

इसके अलावा 60 से अधिक गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही जिले के सभी अनुभागों में फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।


कहीं भी नहीं हुई अप्रिय घटना

त्योहार के दौरान पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। फिक्स पिकेट पर तैनात जवानों ने अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखी, जिसके चलते जिले में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।


सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध

धमतरी पुलिस ने बताया कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पहले से ही प्रभावी सुरक्षा रणनीति तैयार की जाती है। इसी के परिणामस्वरूप पिछले एक वर्ष में जिले में मनाए गए सभी प्रमुख त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं।

धमतरी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !