नगरी में परंपरा और नवाचार का संगम: अभूतपूर्व अंदाज में मनी होली,
नगर पंचायत के द्वारा होली मिलन समारोह बना आकर्षण का केंद्र
उत्तम साहू
नगरी। इस वर्ष रंगों का पर्व होली नगरी नगर में एक नए और यादगार अंदाज में मनाया गया। परंपरागत उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ आयोजित कार्यक्रमों ने पूरे नगर को उमंग, भाईचारे और सौहार्द्र के रंग में रंग दिया। विशेष रूप से नगर पंचायत नगरी द्वारा पत्रकारों के साथ आयोजित होली मिलन समारोह ने इस बार के उत्सव को ऐतिहासिक बना दिया।
नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा और उपाध्यक्ष विकास बोहरा के नेतृत्व में वन विश्राम गृह में आयोजित यह भव्य होली मिलन समारोह अभूतपूर्व रहा। नगर के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों के साथ पार्षदगण, सीएमओ, अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि नगरी में इस तरह का सुव्यवस्थित और व्यापक स्तर का होली मिलन कार्यक्रम पूर्व में कभी आयोजित नहीं हुआ था।
कार्यक्रम के दौरान रंग-गुलाल, पुष्पवर्षा और आत्मीय संवाद के बीच सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में आयोजित इस मिलन समारोह ने जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच आपसी समन्वय और विश्वास को और मजबूत किया। उपस्थित जनों ने इसे नगर के सामाजिक इतिहास का एक यादगार आयोजन बताया।
होलिका दहन किया गया
इसी कड़ी में नगर व्यवस्था समिति के द्वारा रात्रि में विधि-विधान से होलिका दहन का आयोजन किया गया। पारंपरिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा के साथ संपन्न हुए होलिका दहन में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। इसके पश्चात रायपुर से आए कलाकारों द्वारा फाग गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। ढोलक और मंजीरों की थाप पर प्रस्तुत लोकगीतों ने माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया। देर रात तक नगरवासी कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे और होली की खुशियां साझा करते रहे।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस सुरक्षा और व्यवस्था के भी समुचित प्रबंध किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। नगर के विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकजुटता का प्रतीक है।
इस वर्ष का यह आयोजन नगरी वासियों के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। उत्साह, उमंग और भाईचारे से सराबोर इस होली ने पूरे नगर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है, जिसे वर्षों तक याद किया जाएगा।






