धमतरी..सड़क किनारे खड़े भारी वाहन बन रहे काल: हादसे में ठेकेदार की मौत से ग्राम सिलौटी में मातम
उत्तम साहू
धमतरी/ चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष के पहले दिन हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना ने ग्राम सिलौटी को शोक में डुबो दिया है। एक मेहनतकश ठेकेदार, अर्जुन राम साहू की असमय मौत से पूरा गांव स्तब्ध है। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
घटना की जानकारी तब स्पष्ट हुई जब मृतक के एक मजदूर (रेजा) ने अगले दिन के काम की पुष्टि करने के लिए अर्जुन राम साहू के मोबाइल पर फोन किया। फोन पुलिस ने उठाया और हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद यह खबर धीरे-धीरे परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची। शव का पोस्टमार्टम गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया और गुरुवार दोपहर को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीण इलाकों में लापरवाही बन रही जानलेवा
अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैक्टर-ट्रॉली, हार्वेस्टर और जेसीबी जैसे भारी वाहन सड़क किनारे या आधी सड़क पर ही असुरक्षित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं। इन वाहनों पर न तो रिफ्लेक्टर होते हैं और न ही कोई चेतावनी संकेत, जिससे शाम या रात के समय ये वाहन नजर नहीं आते और बड़े हादसों का कारण बनते हैं।
सुरक्षा के लिए प्रशासन और ग्रामीणों को सुझाव
सड़क किनारे वाहन खड़े करते समय पर्याप्त दूरी और सुरक्षित स्थान का चयन करें।
वाहनों पर रिफ्लेक्टर, रेडियम टेप या चेतावनी संकेत अनिवार्य रूप से लगाएं।
रात के समय पार्किंग के दौरान इंडिकेटर या चेतावनी लाइट का उपयोग अवश्य करें।

