भैंसामुडा पंचायत ने पेयजल संकट से निपटने के लिए विधायक से पानी टैंकर की मांग की
उत्तम साहू
नगरी। गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए विकासखंड नगरी की ग्राम पंचायत भैंसामुडा ने क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पहल शुरू की है। पंचायत द्वारा सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम को औपचारिक आवेदन सौंपकर क्षेत्र के लिए एक चलित पानी टैंकर स्वीकृत करने की मांग की गई है।
सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत भैंसामुडा के अंतर्गत आने वाले गांव भैंसामुडा, खुदुरपानी और मटियावाहरा में कई स्थानों पर गर्मी के दिनों में पानी की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीणों को समय पर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए चलित पानी टैंकर की अत्यंत आवश्यकता महसूस की जा रही है।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि टैंकर की स्वीकृति मिल जाती है तो गर्मी के मौसम या अन्य आपात परिस्थितियों में प्रभावित बस्तियों तक आसानी से पानी पहुंचाया जा सकेगा। इससे ग्रामीणों को पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी।
ग्राम पंचायत ने उम्मीद जताई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए विधायक अंबिका मरकाम इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेंगी, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिल सके।

