केरेगांव परिक्षेत्र में नीलगाय का अवैध शिकार, डॉग स्कॉड की मदद से आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी, 23 मार्च 2026। जिले के वन क्षेत्र में नीलगाय के अवैध शिकार का गंभीर मामला सामने आया है। वनमंडल धमतरी अंतर्गत वन परिक्षेत्र केरेगांव के बांसीखाई बीट स्थित आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-121 में 22 मार्च की सुबह करीब 7:30 बजे एक नर नीलगाय मृत अवस्था में पाई गई।
प्रारंभिक जांच में मृत नीलगाय के गर्दन, पेट और पिछले हिस्से में तीर लगे होने के निशान मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि शिकारियों द्वारा उसका अवैध शिकार किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी और वन अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गरियाबंद स्थित उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से डॉग स्कॉड को बुलाया गया। डॉग स्कॉड ने घटनास्थल से मिले तीर की गंध के आधार पर सीधे ग्राम डोकाल पहुंचकर आरोपी मन्नू (पिता लहर सिंह) के घर तक पहुंच बनाई और उसे चिन्हित किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ शिकार में संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिले हैं। वन विभाग ने आरोपी मन्नू सहित अन्य संभावित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
डीएफओ धमतरी ने बताया कि वन्यप्राणियों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा उड़नदस्ता स्ट्राइक फोर्स, गुप्तचर तंत्र और सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी वन अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी वन कार्यालय या अधिकारियों को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान है।
वन अपराध से संबंधित सूचना वनमंडलाधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 07722-238371 पर दी जा सकती है।

