उग्र हंगामा करने वाला आरोपी जेल भेजा गया, पुलिस की सख्त कार्रवाई
उत्तम साहू
धमतरी, 23 मार्च 2026। जिले के ग्राम भोथापारा में घर के सामने हंगामा और विवाद कर रहे एक युवक के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भोथापारा निवासी धनेश नागवानी ने थाना केरेगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि शेख जिलानी का पुत्र हसनैन रजा उर्फ बिट्टू उसके घर के सामने आकर उग्र होकर हंगामा कर रहा है और विवाद कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना केरेगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की समझाइश और पूर्व में की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का उस पर कोई असर नहीं पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपी और अधिक उत्तेजित हो गया और प्रार्थी के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया।
स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने लोक शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी शेख हसनैन (23 वर्ष), निवासी रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं 170 बीएनएसएस एवं 126(1)/135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर तहसील न्यायालय कुकरेल में पेश किया।
मामले की सुनवाई के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने आरोपी के विरुद्ध जेल वारंट जारी किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत जेल दाखिल कर दिया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

