सिहावा शीतला शक्ति पीठ में धूमधाम से मनाया गया पंचमी महोत्सव
माता के दर्शन करने श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
उत्तम साहू
नगरी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को सिहावा स्थित शीतला शक्ति पीठ में पंचमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर पुजारियों द्वारा माता शीतला का विशेष सोलह श्रृंगार कर भव्य महाआरती की गई। वहीं युवा भक्तों ने शोभायात्रा निकालकर छप्पनभोग अर्पित किया। सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम एवं बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव सहित दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता के दर्शन किए और श्रीफल, श्रृंगार सामग्री सहित पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगी।
पंचमी महोत्सव के दौरान विभिन्न माता सेवा मंडलियों नवागांव, छिपली, पुरानी बस्ती नगरी, शांति सरोवर सामतरा आदि द्वारा पचरंगा एवं जस गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
आचार्य नारायण प्रसाद पाठक ने पंचमी तिथि का महत्व बताते हुए कहा कि इस दिन स्कंदमाता की पूजा का विशेष महत्व है। स्कंदमाता भगवान कार्तिकेय की माता हैं और इस दिन सोलह श्रृंगार के साथ पूजा-अर्चना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। माता की कृपा से बुद्धि एवं ज्ञान में वृद्धि होती है।
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और प्रसादी वितरण की व्यवस्था को स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने सुव्यवस्थित ढंग से संभाला।
शीतला शक्ति पीठ सिहावा समिति के अध्यक्ष कैलाश पवार ने बताया कि इस वर्ष चैत्र नवरात्रि में कुल 1040 ज्योतियां प्रज्वलित की जा रही हैं। समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार से शुक्रवार तक भक्ति से परिपूर्ण आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
महोत्सव को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु सेवा कार्य में जुटे रहे।

