ग्राम बांधा में गोंडवाना समाज का दो दिवसीय भव्य वार्षिक सम्मेलन संपन्न, हजारों लोगों की रही सहभागिता
उत्तम साहू
नगरी। गोंडवाना समाज सेवा समिति तहसील नगरी के तत्वावधान में ग्राम बांधा में आयोजित दो दिवसीय तहसील स्तरीय वार्षिक सम्मेलन का सफल समापन हुआ। पारंपरिक विधि-विधान के साथ शनिवार को प्रारंभ हुए इस भव्य आयोजन में नगरी क्षेत्र के लगभग 250 गांवों से आए 10 हजार से अधिक समाजजनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पेन शक्तियों की सेवा अर्जी एवं गोंडवाना के सप्तरंगी ध्वज के ध्वजारोहण के साथ हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अंबिका मरकाम उपस्थित रहीं, जबकि तहसील अध्यक्ष टिकेश्वर ध्रुव, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, डॉ. लक्ष्मी ध्रुव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समाज हित के मुद्दों पर हुई चर्चा, प्रस्ताव पारित
सम्मेलन के दौरान शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, नशामुक्ति, सामाजिक संगठन और धर्मांतरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सामाजिक एकता को मजबूत करने और समाज के समग्र विकास हेतु कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। उपक्षेत्रीय अध्यक्ष मयाराम नागवंशी ने सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित रहने का संदेश दिया।
प्रतिभाओं और शिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं और युवाओं को सम्मानित किया गया। युवा व्यवसायी संजू नेताम ने युवाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसाय की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को सफलता दिलाने वाले शिक्षक पीलू राम निषाद, होरीलदास मानिकपुरी और कोटेंद्र सर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए रंजिता तुमन साहू को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
दूसरे दिन रविवार को आराध्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा। इस दौरान सामाजिक कलाकारों एवं बच्चों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में नजर आए, जिससे आयोजन का सांस्कृतिक महत्व और भी बढ़ गया।
जनप्रतिनिधियों ने दिया एकजुटता और शिक्षा पर जोर
विधायक अंबिका मरकाम ने समाज को एकजुट रहने और हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा को विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही प्रगति कर सकता है। पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने युवाओं को नशे से दूर रहने और अभिभावकों से बच्चों के बेहतर मार्गदर्शन की अपील की।
जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव ने समाज की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए शिक्षा और कौशल विकास पर बल दिया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने की सलाह दी।
विशाल रेलापाटा के साथ समापन
सम्मेलन के समापन अवसर पर सप्तरंगी गोंडी ध्वज का अवरोहण किया गया और इसके बाद विशाल सामूहिक पारंपरिक नृत्य ‘रेलापाटा’ का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।
इस आयोजन के सफल संचालन में सुरेंद्र नेताम, रैन सिंह नेताम और बुधराम नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सामाजिक पदाधिकारी जोहर लाल चंद्रवंशी,जितेंद्रवीर कुंजाम,भगवान सिंह नेताम, पीला राम कोर्राम,शत्रुघ्न साक्षी,पिंगल गोटा,राजू कावड़े, सोनाराम नेताम बंशीलालसोरी शिवलाल नेताम, हीरा मरकाम, बालाराम मंडावी,बिछल मरकाम,द्वारूराम मरकाम,राजेश समरथ,संतोष नेताम,रामजीनेताम,सुखराम मरकाम,दिनेश मंडावी,पोखन नेताम,राजेश मरकाम, श्यामसुंदर नेताम, रामकुमार समरथ, बिसाली ध्रुव,राजाराम मंडावी,जलसिंह सोरी,बलराम सोरी, गंगा राम नेताम, बीरन नेताम,मीना नेताम,बिमला मरकाम,रामकुंवर मंडावी,फुलेश्वरी नेताम,प्रभा नेताम,सत्यवती नेताम,जलबती नागेश, तामेश्वरी मरकाम ,नीरा साक्षी,रवि मरकाम, श्यामसुंदर नेताम,शामिल हुए इस तरह इस भव्य आयोजन में नगरी क्षेत्र के दो सौ पचास से अधिक गांवों के दस हजार से अधिक सामाजिक जन उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।अंत में सम्मेलन का समापन सप्तरंगी गोंडीध्वज अवरोहण कर विशाल सामूहिक नृत्य रेलापाटा कर किया गया।बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस तरह ग्राम बांधा में आयोजित यह सम्मेलन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और विकास के संकल्प के साथ यादगार बन गया।



