छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: गरियाबंद-धमतरी में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली से युवक झुलसा

0


छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: गरियाबंद-धमतरी में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली से युवक झुलसा

तेज अंधड़ और बारिश से गर्मी से राहत, महुआ-आम की फसल को नुकसान… अगले दो दिन और बारिश के आसार



धमतरी/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। गरियाबंद, धमतरी और सरगुजा सहित कई जिलों में मंगलवार को तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। तेज अंधड़ और बेमौसम बारिश से महुआ और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है।

इसी बीच गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। घटना सीनापाली गांव की है, जहां 35 वर्षीय गोविंद पटेल इमली के पेड़ के नीचे खड़े होकर मोबाइल देख रहा था। तभी अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गया। बिजली गिरने से उसकी पीठ का हिस्सा झुलस गया, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। गोविंद ने बताया कि उस वक्त उन्हें ऐसा लगा जैसे मौत छूकर निकल गई।



घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को देवभोग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू के मुताबिक युवक की पीठ का छोटा हिस्सा झुलसा है। प्राथमिक उपचार के बाद दवाइयां दी गई हैं और अंदरूनी चोटों की जांच की जा रही है।

मंगलवार को गरियाबंद जिले में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। शाम से पहले छुरा तहसील के रुवाड और बाघमार इलाके में जमकर ओलावृष्टि हुई, जबकि गरियाबंद और देवभोग क्षेत्र में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही।

फसलों को नुकसान की आशंका
अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं से महुआ और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार करीब 30 प्रतिशत महुआ की फसल प्रभावित हुई है, जबकि आम के फल और मौर झड़ने से आने वाले दिनों में बाजार में आम की आवक पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

अगले दो दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम का यह बदलाव फिलहाल जारी रह सकता है। अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !