छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में बढ़ी महिलाओं की ताकत, लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम निर्विरोध सांसद चुनी गईं
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक खास संयोग देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्विरोध सांसद चुन ली गई हैं। सोमवार को दोनों नेत्रियां छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचीं और आधिकारिक तौर पर अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
प्रमाण पत्र लेने के बाद दोनों नेताओं ने आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और गले मिलकर जीत की बधाई दी। इस दौरान विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि और समर्थक भी मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों सांसदों को शुभकामनाएं दीं।
नामांकन वापसी के बाद निर्विरोध चुनाव
राज्यसभा चुनाव में अन्य प्रत्याशियों द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद दोनों उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। इसके बाद सोमवार को उन्होंने औपचारिक रूप से विधानसभा पहुंचकर अपना प्रमाण पत्र हासिल किया। दोनों सांसदों ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य और प्रदेश के हितों को राज्यसभा में मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी।
पहली बार दोनों दलों ने उतारी महिला उम्मीदवार
छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह पहला मौका है जब राज्यसभा चुनाव के लिए दोनों प्रमुख दलों ने महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा। राज्य से राज्यसभा की कुल पांच सीटें हैं, जिनमें अब तीन पर महिला सांसदों का प्रतिनिधित्व रहेगा। हालांकि कांग्रेस की सांसद रंजीता रंजन का कार्यकाल मई में समाप्त होने वाला है।
बदला राजनीतिक समीकरण
अब तक छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में कांग्रेस के चार और भाजपा के एक सदस्य थे। नई स्थिति में भाजपा के सांसदों की संख्या बढ़कर दो हो जाएगी, जबकि कांग्रेस के तीन सदस्य रहेंगे। दोनों दलों ने उम्मीदवार चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखा है।
विधानसभा चुनाव में नहीं मिला था मौका
दिलचस्प बात यह भी है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दोनों ही नेताओं ने टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टियों ने उन्हें मौका नहीं दिया था। अब राज्यसभा भेजकर दोनों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
फूलोदेवी नेताम बस्तर क्षेत्र से आती हैं और कांग्रेस का प्रमुख महिला चेहरा मानी जाती हैं। वे छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं और लगातार दूसरी बार राज्यसभा जा रही हैं। वहीं लक्ष्मी वर्मा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं और रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुकी हैं।

