पार्षद राजा पवार की पहल से वार्ड 1 में महतारी वंदन ई-केवाईसी शिविर, महिलाओं की उमड़ी भीड़
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 1 में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। योजना का लाभ लेने और अपनी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए महिलाएं उत्साह के साथ शिविर स्थल पहुंचीं।
यह शिविर वार्ड पार्षद राजा पवार के विशेष प्रयासों से आयोजित किया गया, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को राहत मिली। पहले महिलाओं को ई-केवाईसी कराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था, लेकिन वार्ड में ही शिविर लगने से उन्हें सुविधा मिली और समय की भी बचत हुई।
शिविर में महिलाओं के दस्तावेजों का सत्यापन, आधार लिंकिंग तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं सुव्यवस्थित तरीके से पूरी कराई गईं। व्यवस्थाएं बेहतर होने के कारण हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और सहयोगियों ने महिलाओं की सहायता कर प्रक्रिया को सरल बनाया।
शिविर में शामिल महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वार्ड में ही ऐसी सुविधा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत मिली है। उन्होंने पार्षद राजा पवार के प्रयासों को जनहितकारी बताया।
पार्षद राजा पवार ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि किसी भी हितग्राही को योजना से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने बताया कि आगे भी जरूरत के अनुसार ऐसे शिविर लगाए जाएंगे।
इस आयोजन से वार्ड की महिलाओं में खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने इसे जनसेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताया।

