कलेक्टर की पहल: युवा उत्सव 2026 को भव्य और प्रेरणादायी बनाने पर जोर

0

 

कलेक्टर की पहल: युवा उत्सव 2026 को भव्य और प्रेरणादायी बनाने पर जोर

युवाओं के सर्वांगीण विकास का मंच बनेगा युवा उत्सव, इंटर कॉलेज प्रतियोगिता से निखरेगी प्रतिभा


उत्तम साहू 

धमतरी, 15 अप्रैल 2026। जिले में आगामी 24 एवं 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” को लेकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, आईटीआई संस्थानों के प्राचार्य, फैकल्टी, विद्यार्थी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, सहभागिता और कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि युवा उत्सव को केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, प्रतिभा संवर्धन और करियर निर्माण के सशक्त मंच के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों को समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

20 से अधिक विधाओं में दिखेगी प्रतिभा की चमक

कलेक्टर ने बताया कि युवा उत्सव में 20 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें वाद-विवाद, फोटोग्राफी, एकल एवं समूह नृत्य, एकल एवं समूह गायन, म्यूजिकल बैंड, क्विज प्रतियोगिता तथा विभिन्न खेल स्पर्धाएं शामिल हैं।

इसके साथ ही युवाओं के लिए प्रेरक और मनोरंजक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रसिद्ध सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लल्लनटॉप के श्री सौरभ द्विवेदी का प्रेरक सत्र, बस्तर का लोकप्रिय वायरा बैंड तथा आवाज क्रांति बैंड की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

प्रतिभा को अवसर से जोड़ने का माध्यम: कलेक्टर

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि “युवा उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभा को मंच देने का सशक्त माध्यम है, जहां टैलेंट को ऑपर्च्युनिटी से जोड़ा जाता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है, नेतृत्व क्षमता विकसित होती है और नई पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

सुझावों पर अमल के निर्देश

बैठक के दौरान प्राचार्यों, फैकल्टी और विद्यार्थियों ने आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव दिए। इनमें पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाना, प्रतियोगिताओं में पारदर्शी जजिंग व्यवस्था, प्रतिभागियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्रचार-प्रसार को व्यापक बनाने जैसे मुद्दे शामिल रहे।

कलेक्टर ने सुझावों की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिले के लिए बनेगा यादगार आयोजन

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि इंटर कॉलेज प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के समग्र विकास का आधार हैं। इससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, संवाद और नेटवर्किंग बढ़ती है तथा टीमवर्क और नेतृत्व कौशल मजबूत होता है। उन्होंने सभी संस्थानों से अधिकतम छात्र सहभागिता सुनिश्चित करने और युवा उत्सव 2026 को जिले के लिए प्रेरणादायी एवं सफल आयोजन बनाने का आह्वान किया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !