युवा उत्सव 2026 का बिगुल बजा: प्रचार रथ रवाना, दो दिवसीय महोत्सव में दिखेगा हुनर और उत्साह

0

 

युवा उत्सव 2026 का बिगुल बजा: प्रचार रथ रवाना, दो दिवसीय महोत्सव में दिखेगा हुनर और उत्साह



उत्तम साहू 

धमतरी, 20 अप्रैल 2026। जिले के युवाओं की प्रतिभा को नई उड़ान देने के लिए आयोजित होने जा रहे “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 और 25 अप्रैल को होने वाले इस बहुप्रतीक्षित आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष प्रचार वाहन रथ को रवाना किया गया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर कल्पना, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। यह प्रचार रथ जिले के स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को आयोजन की जानकारी देगा तथा अधिक से अधिक युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा।

प्रतियोगिताओं में दिखेगी प्रतिभा की चमक

युवा उत्सव में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें नृत्य, गायन, खेलकूद, वाद-विवाद, क्विज, चित्रकला और नाट्य प्रस्तुति जैसी गतिविधियां शामिल हैं। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

24 अप्रैल को सजेगी संगीतमय शाम

पहले दिन 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ी संगीतमय संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार आरु साहू अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा (राजिम) और रायपुर का चर्चित आवाज क्रांति बैंड भी अपनी शानदार परफॉर्मेंस से समां बांधेंगे।

25 अप्रैल को सौरभ द्विवेदी देंगे मार्गदर्शन

दूसरे दिन 25 अप्रैल को लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म लल्लनटॉप के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी युवाओं के बीच प्रेरणादायक सत्र लेंगे। वे करियर, मीडिया और समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। समापन अवसर पर बस्तर का चर्चित वायरा बैंड अपनी दमदार प्रस्तुति देगा।

युवाओं से भागीदारी की अपील

जिला प्रशासन ने जिले के विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में शामिल होकर अपनी प्रतिभा को मंच देने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !