धवलपुर के पास सड़क पर मृत अवस्था में मिला तेंदुआ, इलाके में मची सनसनी
उत्तम साहू
मैनपुर/धवलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C पर मैनपुर से करीब 10 से 12 किलोमीटर दूर धवलपुर मार्ग में एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे झाड़ियों के बीच तेंदुए का शव पड़ा था, जिसे देखने आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही धवलपुर रेंज के वन अधिकारी तत्काल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग ने रेंजर की मौजूदगी में तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद विभागीय नियमों के तहत शव का अंतिम संस्कार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
प्रारंभिक जांच में कई संभावनाएं सामने आ रही हैं। माना जा रहा है कि तेंदुआ पानी या भोजन की तलाश में जंगल से सड़क किनारे आ गया होगा और किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया। हालांकि, जहर देकर मारने जैसी आशंकाओं से भी इंकार नहीं किया जा रहा है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार तेंदुओं की आवाजाही देखी गई है। जंगल से लगे इलाकों में पानी और शिकार की तलाश में वन्यजीव अक्सर आबादी और सड़कों के करीब पहुंच जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं वन्यजीव दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें और किसी भी प्रकार की जोखिम भरी हरकत न करें। फिलहाल पूरे मामले में सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

