85 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने किया भूमिपूजन, अब बनेगा नया रामायण मंडली भवन
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 14 स्थित महावीर बजरंगबली मंदिर के पास लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़ा रामायण मंडली भवन अब नए स्वरूप में तैयार किया जाएगा। भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
वार्ड पार्षद शंकरदेव की मांग पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने लगभग 6 लाख की लागत से नए मंडली भवन निर्माण को मंजूरी दी। इसी क्रम में भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि वार्ड में निवासरत 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमती सुमिरीत बाई सोम के हाथों विधिवत भूमिपूजन कराया गया।
भूमिपूजन के दौरान बुजुर्ग महिला ने स्वयं कुदारी और फावड़ा उठाकर पूजा-अर्चना की, जिसे देखकर उपस्थित लोगों में उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला। लोगों ने इसे परंपरा, सम्मान और संस्कार का सुंदर उदाहरण बताया।
वार्ड क्रमांक 14, जिसे पुरानी बस्ती नगरी के नाम से भी जाना जाता है, के नागरिकों ने इस स्वीकृति पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, वार्ड पार्षद शंकरदेव तथा सभापति अश्विनी निषाद के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए मंडली भवन के निर्माण से क्षेत्र में रामायण पाठ, सामाजिक बैठकें, धार्मिक आयोजन तथा पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ वार्ड में सामुदायिक एकता भी मजबूत होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में कमल डागा, पार्षद नरेश पटेल, अंबिका ध्रुव, चेलेश्वरी साहू, रचना कश्यप, दुलेश्वरी यादव, देवंती शंभू, अनीता सोम, जागेश्वरी कश्यप, राजेश्वरी सोम, गोपीचंद यादव, मनोज नाग, दीपक चींदा, नीलू यादव, शंभू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

