धमतरी.. रुद्री नहर में दर्दनाक हादसा: 20 घंटे बाद मिला किशोर का शव, क्षेत्र में मातम
उत्तम साहू
धमतरी। जिले के रुद्री थाना क्षेत्र में महानदी मुख्य नहर में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। नहर में नहाने उतरे 16 वर्षीय किशोर का शव लगभग 20 घंटे बाद बरामद किया गया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी समीर हसन (16 वर्ष) शुक्रवार दोपहर अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ रुद्री बैराज के पास नहर में नहाने गया था। इसी दौरान नहर पार करने की कोशिश में तीन युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। दो युवक किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन समीर पानी के तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार से लगातार गोताखोरों द्वारा तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह जब नहर का जलस्तर कम हुआ और बहाव थोड़ा धीमा पड़ा, तब समीर का शव नवनिर्मित पुल के नीचे फंसा हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद रेस्क्यू टीम ने शव को बाहर निकालकर वरदान एम्बुलेंस से जिला अस्पताल की मरचुरी पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि किशोर का शव नहर के एक कनाल के नीचे फंसा मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दुख दोनों है। लोगों ने नहर और बैराज क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, बैरिकेडिंग करने तथा चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

