धमतरी में चिट्टा बेचते दो आरोपी गिरफ्तार, कार और नकदी सहित 2.29 लाख की संपत्ति जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 13 अप्रैल 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) बेचते दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चिट्टा, नकदी, कार और मोबाइल समेत कुल 2.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पीछे एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार में दो युवक हेरोइन रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 47 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 12 हजार रुपये नकद, एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार, एक आईफोन 11, एक वीवो Y31 मोबाइल तथा अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमर रजा (28 वर्ष), निवासी सदर बाजार धमतरी तथा मोहम्मद शोएब अख्तर (26 वर्ष), निवासी केला बाड़ी दुर्ग के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

