नगर पंचायत नगरी को मिली 3 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, 14 माह में तेज़ी से बदली तस्वीर
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी में विकास कार्यों को लेकर एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मात्र 14 माह के कार्यकाल में ही नगर पंचायत को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है, जिससे नगर के समग्र विकास को नई दिशा मिल रही है।
हाल ही में नगरी प्रशासन विभाग द्वारा आदर्श अधोसंरचना निर्माण, 15वें वित्त आयोग एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें अधोसंरचना मद अंतर्गत 10 विकास कार्यों के लिए 43 लाख रुपये, 15वें वित्त आयोग के तहत 2 करोड़ रुपये तथा स्वच्छता संबंधी कार्यों के लिए 57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
प्रमुख स्वीकृत कार्य
स्वीकृत विकास कार्यों में वार्ड क्रमांक 10, 12 और 15 में 22 लाख रुपये की लागत से तीन सामुदायिक भवन निर्माण, जमुना पटेल किराना स्टोर से कानन सोम के घर तक 10 लाख रुपये की लागत से बीटी सड़क निर्माण, वार्ड क्रमांक 11 राजा बड़ा से बिहारी सेठ के घर तक तथा वार्ड क्रमांक 7 और चौपाटी (वार्ड 6) में 8 लाख रुपये की लागत से चेकर्स टाइल पाथवे निर्माण शामिल हैं।
इसके अलावा गुड़ीहरी तालाब के पास स्थित गोंडवाना भवन में 2 लाख रुपये की लागत से शौचालय निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 3 और 5 में 3 लाख रुपये की लागत से नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्य किए जाएंगे।
स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं पर फोकस
स्वच्छता मद के तहत 57 लाख रुपये से कंपोस्ट शेड का निर्माण किया जाएगा, जहां गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की व्यवस्था होगी। वहीं 15वें वित्त की राशि से नए नाली और सीसी रोड सहित कई अन्य विकास कार्यों को भी मंजूरी मिली है।
14 माह में 100 करोड़ से अधिक के कार्य शुरू
नगर पंचायत नगरी में पिछले 14 महीनों में लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रारंभ किए जा चुके हैं। इनमें माता तालाब सौंदर्यीकरण, बीटी सड़क, सीसी रोड, पुल-पुलिया, नाली निर्माण, चौपाटी विकास एवं लाइट व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं, जो तेजी से प्रगति पर हैं।
जनप्रतिनिधियों का आभार
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरी निकाय मंत्री अरुण साव सहित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति नगर के विकास को नई गति देगी और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



