घुटकेल प्रीमियर लीग-6 का भव्य आगाज, मुख्य अतिथि अरुण सार्वा ने थामा बल्ला, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
उत्तम साहू
धमतरी। ग्राम पंचायत घुटकेल में आयोजित घुटकेल प्रीमियर लीग (GPL-6) का भव्य शुभारंभ उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद स्वयं बैटिंग कर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।
शुभारंभ समारोह में खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा मैदान उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया। युवाओं के जोश और खेल के प्रति जुनून ने आयोजन को खास बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अरुण सार्वा ने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल से शरीर स्वस्थ रहता है और तन-मन दोनों मजबूत बनते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि उज्ज्वल करियर का रास्ता भी बन चुका है। युवा खेलों में भाग लेकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलरगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष हुमित लिमजा ने की। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत सदस्य गरिमा नेताम, वन सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य अजय ध्रुव, जनपद सदस्य सोनराज वट्टी, भाजपा जिला युवा मोर्चा उपाध्यक्ष चित्रांश नागवंशी, बेलरगांव भाजपा महामंत्री दीपक साहू, मौजध्वज सेन, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष लीलेश प्रजापति, उमेश साहू, चुम्मन साहू, संतोष साहू, सीता साहू, मिथलेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं की शानदार भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि गांवों में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
घुटकेल प्रीमियर लीग-6 का यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा है, बल्कि ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को भी नई पहचान दे रहा है।



