खेल, नई ऊर्जा: धमतरी में पहली बार बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
उत्तम साहू
धमतरी, 12 अप्रैल 2026। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को नए खेलों से जोड़ने की दिशा में एक अभिनव पहल के तहत पहली बार जिला स्तरीय बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता गंगरेल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुई।
गंगरेल की सुनहरी रेत पर खेले गए मुकाबलों ने खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों में रोमांच भर दिया। प्राकृतिक वातावरण और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुए इस आयोजन ने जिले में खेल संस्कृति को नई पहचान दी।
प्रतियोगिता में जिलेभर से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में 72 टीमों और महिला वर्ग में 14 टीमों की भागीदारी रही। बड़ी संख्या में टीमों की मौजूदगी ने यह साबित किया कि जिले के युवा अब पारंपरिक खेलों के साथ-साथ आधुनिक और उभरते खेलों की ओर भी तेजी से आकर्षित हो रहे हैं।
खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, टीम भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिस्पर्धा और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। वहीं, बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि जिले की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश भी दे गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को समान अवसर मिलें, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
इसके साथ ही गंगरेल जैसे पर्यटन स्थलों को खेल गतिविधियों से जोड़कर ‘स्पोर्ट्स टूरिज्म’ को भी बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता की सफलता को देखते हुए इसे आने वाले वर्षों में और बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।
धमतरी में बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता का यह सफल आयोजन जिले के खेल इतिहास में नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

