कुरुद...75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का आरोपी दो माह बाद गिरफ्तार, रायपुर से दबोचा गया
उत्तम साहू
धमतरी, 16 अप्रैल 2026। धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के मामले में पिछले दो माह से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन लगातार निगरानी और दबिश के बाद कुरूद पुलिस ने उसे रायपुर से धर दबोचा।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों के आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए इस मामले की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार, थाना कुरूद में प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 फरवरी 2026 को आरोपी ने उसकी लगभग 75 वर्षीय वृद्ध सास के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 64, 332(ख) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए, मेडिकल परीक्षण कराया तथा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और उसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
आरोपी की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों से लगातार पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सटीक सूचना मिली, जिसके बाद कुरूद पुलिस ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूर्या सिसोदिया (पारधी), उम्र 26 वर्ष, निवासी झांकी, थाना अभनपुर, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों सहित सभी गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

