कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मगरलोड विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों का किया सघन दौरा

0

 

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मगरलोड विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों का किया सघन दौरा

प्रधानमंत्री आवास दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी



उत्तम साहू 

धमतरी, 16 अप्रैल 2026। जिला कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को मगरलोड विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों का सघन दौरा कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ग्रामीण आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपने दौरे के दौरान ग्राम चन्द्रसूर, बुड़ेनी, भेण्ड्री, परेवाडीह, हसदा, भोथीडीह, कमईपुर, मगरलोड, राउतमुड़ा और केकराखोली सहित कई गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास दिवस कार्यक्रम में भी भाग लिया और ग्रामीण विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा के गांव पहुंचे कलेक्टर



कलेक्टर श्री मिश्रा सबसे पहले छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा के गांव चन्द्रसूर पहुंचे। यहां ग्राम पंचायत भवन में ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्होंने गांव के विकास, मूलभूत सुविधाओं और राजस्व संबंधी समस्याओं की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में राजस्व अभिलेखों में त्रुटियां हैं तथा कई मामलों का निराकरण लंबित है। इस पर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को विशेष शिविर आयोजित कर लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही गांव में अतिक्रमण रोकने के लिए सतर्कता बरतने कहा।

उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गौरव की बात है कि महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा का गांव आज भी प्रेरणा का केंद्र है। कलेक्टर ने पंडित शर्मा के परपोते विकास शर्मा और रविशंकर शर्मा से मुलाकात कर उनके जीवन और योगदान की जानकारी ली तथा उनके पैतृक निवास का अवलोकन भी किया।

बुड़ेनी में मूंगफली खेती और दुग्ध संग्रहण केंद्र का निरीक्षण


इसके बाद कलेक्टर ग्राम बुड़ेनी पहुंचे, जहां राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में की जा रही मूंगफली खेती का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के 113 किसान रबी सीजन में तिलहनी फसलों को बढ़ावा देते हुए मूंगफली की खेती कर रहे हैं।

किसानों ने बताया कि प्रति एकड़ 7 से 8 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हो रहा है, जिसे लगभग 5 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से बेचा जा रहा है। कलेक्टर ने किसान टिकेश साहू के खेत में जाकर फसल का अवलोकन किया तथा बीज सब्सिडी की जानकारी ली।



इसके साथ ही उन्होंने बुड़ेनी के दुग्ध संग्रहण केंद्र का भी निरीक्षण कर ग्रामीणों से दुग्ध उत्पादन और विपणन की जानकारी ली।

भेण्ड्री में गौधाम, कुक्कुट पालन और नशा मुक्त केंद्र की सराहना


ग्राम भेण्ड्री में कलेक्टर ने एमयूसी, कुक्कुट पालन इकाई और गौधाम का निरीक्षण किया। यहां ब्राइट फ्यूचर एकेडमी के प्रशिक्षक निलेश कुमार साहू से चर्चा करते हुए उन्होंने गौधाम के विस्तार के लिए आवेदन प्रस्तुत करने को कहा।

कलेक्टर ने पशुपालन विभाग, पशु मित्रों और स्व-सहायता समूहों को इस कार्य से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में लाइब्रेरी और ओपन जिम स्वीकृत करने की बात कही। साथ ही संचालित नशा मुक्त केंद्र की सराहना भी की।

       परेवाडीह में महिलाओं के रोजगार पर दिया जोर



ग्राम परेवाडीह में कलेक्टर ने आधार सीड्स कंपनी का निरीक्षण किया। कंपनी संचालक ने बताया कि वर्तमान में धान बीज की पैकिंग की जा रही है तथा भविष्य में चना, मक्का और गेहूं की पैकेजिंग शुरू करने की योजना है।

कलेक्टर ने बिहान समूह की महिलाओं को यहां रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने पैकेजिंग कार्य में लगी महिलाओं प्रेमा, पूजा सहित अन्य महिलाओं से चर्चा कर उनकी आय की जानकारी ली।

इसके अलावा उन्होंने मशरूम उत्पादन इकाई का निरीक्षण कर महिलाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने कहा तथा महतारी वंदन योजना की राशि के उपयोग के बारे में भी जानकारी ली।

    हसदा में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का शुभारंभ



ग्राम हसदा में नवनिर्मित महतारी सदन में स्थापित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का कलेक्टर ने शुभारंभ किया। यहां बीसी सखी श्रीमती सतरूपा निषाद से चर्चा कर केंद्र के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं, आय और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

भोथीडीह मॉडल सोसायटी में ड्रोन और ट्रैक्टर सुविधा



ग्राम भोथीडीह में कलेक्टर ने मॉडल सोसायटी का निरीक्षण किया। समिति अध्यक्ष ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए ड्रोन और ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि समिति में खाद और बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा किसानों की मांग के अनुसार वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने किसानों से सुझाव लेकर समिति को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

      ‌   कमईपुर में मुनगा खेती का मॉडल देखा



ग्राम कमईपुर में कलेक्टर ने मोहम्मद फारूख खान द्वारा की जा रही मुनगा खेती का अवलोकन किया। किसान ने बताया कि वे 4 एकड़ क्षेत्र में मुनगा की खेती कर रहे हैं तथा समेकित फलोद्यान योजना के तहत 100 आम के पौधे भी लगाए गए हैं।

कलेक्टर ने मुनगा की पत्तियों से पाउडर निर्माण के लिए सोलर ड्रायर उपलब्ध कराने के निर्देश उद्यानिकी विभाग को दिए।

राउतमुड़ा में मुर्गीपालन और प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण



ग्राम राउतमुड़ा में कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित मुर्गीपालन गतिविधियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों का निरीक्षण किया।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने पेयजल व्यवस्था, आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृति तथा ओपन शेड निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

केकराखोली में उद्यानिकी और मत्स्य कार्यों की समीक्षा



दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर श्री मिश्रा ने केकराखोली पहुंचकर समेकित उद्यानिकी कार्य योजना तथा मत्स्य विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

       योजनाओं की जमीनी निगरानी से बढ़ा भरोसा



कलेक्टर के इस सघन दौरे से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने, समस्याएं सुनने और मौके पर समाधान के निर्देश देने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !