कृषि नवाचारों से बदलेगी धमतरी की तस्वीर, AI और आधुनिक तकनीकों से समृद्ध होगी खेती
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में 40 कृषि अधिकारियों का दल महाराष्ट्र रवाना
उत्तम साहू
धमतरी, 11 अप्रैल 2026। धमतरी जिले में कृषि के आधुनिकीकरण और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कृषि विभाग के 40 अधिकारियों का दल छह दिवसीय अंतर्राज्यीय शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण भ्रमण के लिए महाराष्ट्र रवाना हुआ। इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने बस को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य अधिकारियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित खेती, उन्नत जल प्रबंधन और अंतरराष्ट्रीय कृषि मॉडलों से परिचित कराना है, ताकि इसका सीधा लाभ जिले के किसानों को मिल सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बदलते समय में पारंपरिक खेती के साथ वैज्ञानिक, तकनीक आधारित और बाजारोन्मुख कृषि को अपनाना जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि धमतरी जिले में भी AI आधारित खेती की दिशा में नवाचार शुरू हो चुके हैं, जिनसे फसलों की निगरानी, मौसम पूर्वानुमान, रोग पहचान और सिंचाई प्रबंधन को अधिक सटीक बनाया जा रहा है। इससे उत्पादन बढ़ेगा, लागत घटेगी और गुणवत्ता में सुधार होगा।
यह दल महाराष्ट्र के बीड़ और बारामती क्षेत्रों का भ्रमण करेगा, जहां इजरायली और जापानी तकनीकों पर आधारित आधुनिक खेती के मॉडल, स्मार्ट फार्मिंग, माइक्रो इरिगेशन, ड्रिप और स्प्रिंकलर तकनीकों का अध्ययन किया जाएगा। साथ ही अधिकारी विभिन्न अनुसंधान संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों में नवीन कृषि रुझानों तथा फसल विविधीकरण के उन्नत तरीकों को सीखेंगे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे वहां के सफल प्रयोगों का गहन अध्ययन कर उन्हें स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप धमतरी जिले में लागू करें। उन्होंने कहा कि कृषि अधिकारियों की भूमिका अब केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें किसानों के तकनीकी मार्गदर्शक और नवाचार के प्रेरक के रूप में कार्य करना होगा।
महापौर श्री रामू रोहरा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नई तकनीकों का स्थानीय स्तर पर क्रियान्वयन किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और जिले की कृषि व्यवस्था को नई दिशा देगा।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू सहित कृषि विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


