बिजली संकट से जूझते किसान सड़क पर — कटौती घटाने और वोल्टेज बढ़ाने की उठी मांग
उत्तम साहू
नगरी/ बेलरगांव। क्षेत्र के किसानों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। लगातार बढ़ती बिजली कटौती और कम वोल्टेज से परेशान होकर ग्राम पंचायत बिरगुड़ी, सेमरा, भड़सिवना, टांगापानी, कोगेंरा और बांसपानी के किसानों ने एकजुट होकर बिजली विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप और किसान समिति अध्यक्ष पुनीतराम साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान बिजली कार्यालय बेलरगांव पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने बताया कि पहले जहां बिजली कटौती करीब 6 घंटे होती थी, वहीं अब पिछले 4-5 दिनों से 8 घंटे तक बिजली बंद की जा रही है। इस अचानक बढ़ी कटौती ने खेतों की सिंचाई पर सीधा असर डाला है, जिससे फसल सूखने लगी है और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
किसानों की मुख्य मांगें:
- बिजली कटौती को घटाकर अधिकतम 3 घंटे किया जाए
- खेतों के लिए पर्याप्त वोल्टेज सुनिश्चित किया जाए
- मोटर पंप सुचारू रूप से चल सकें, इसकी व्यवस्था की जाए
किसानों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर राहत दिलाने की मांग की है।
इस दौरान श्रवण ध्रुव, रघुनंदन पटेल, आनंद राम, लखन साहू, कमलेश कुंजाम, राजू मरकाम, प्रदीप साहू, ललेश साहू, परमानंद साहू, शिवा ध्रुव, ईश्वर साहू, लेखराम देवांगन, अमर साहू, फूलचंद मरकाम, अकतू कश्यप, यशवंत मंडावी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

