पूर्व विधायक के बेटे ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे पर मिला शव, इलाके में शोक और सनसनी
रायपुर। राजधानी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा स्थित आदर्श नगर में रविवार रात एक शख्स ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान जय साहू (45) के रूप में हुई है, जो पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक व सामाजिक हलकों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जय साहू रविवार रात अपने कमरे में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, जहां जय साहू का शव फंदे से लटका मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे कुछ समय से पारिवारिक तनाव से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में उनका अपनी पत्नी के साथ विवाद भी हुआ था। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों व करीबी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा मामला
जय साहू एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता धनीराम साहू वर्ष 1977 में कसडोल से विधायक चुने गए थे और अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री पद भी संभाल चुके थे। क्षेत्र में उनका लंबे समय तक प्रभाव रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सामाजिक और पारिवारिक दबाव किस तरह लोगों को अंदर ही अंदर तोड़ देता है।

