नगरी की होनहार बेटी प्रेमलता ध्रुव का सम्मान, समाज ने बढ़ाया गौरव
उत्तम साहू
नगरी। आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज के 70वें महासभा समारोह में नगर पंचायत नगरी की प्रतिभाशाली बेटी प्रेमलता ध्रुव को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। यह महासभा ग्राम गट्टासिल्ली में आयोजित हुई, जहां समाज ने स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रेमलता ध्रुव ने वर्ष 2024 में एम.एससी. (होम साइंस) अंतिम वर्ष की परीक्षा में पूरे छत्तीसगढ़ में टॉप कर समाज और नगर पंचायत नगरी का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
बताया गया कि प्रेमलता के पिता स्वर्गीय मन्नू लाल ध्रुव के असामयिक निधन के बाद उनकी माता श्रीमती गीता ध्रुव ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत-मजदूरी कर बेटी को पढ़ाया-लिखाया। माता के संघर्ष और प्रेमलता की मेहनत ने यह सफलता संभव बनाई।
सम्मान समारोह में तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र ध्रुव, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोरी, कोषाध्यक्ष सुरेश ध्रुव, महासचिव नरेश छेदैहा, सहसचिव पुरन नेताम, वित्त सचिव मानिक नेताम सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे।
समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि प्रेमलता ध्रुव की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम व लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

