करेली बड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र में: दो माह पूर्व पिकनिक में चाकू मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
उत्तम साहू
धमतरी, 09 अप्रैल 2026। जिले के करेलीबड़ी पुलिस ने दो माह पूर्व पिकनिक के दौरान हुए चाकूबाजी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गंभीर धाराओं में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 08 फरवरी 2026 को ग्राम बुडेनी निवासी त्रिभुवन साहू (25 वर्ष) अपने साथियों के साथ पैरी नदी के रेत घाट में पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान गांव का ही त्रिलोकी साहू वहां पहुंचा और विवाद करते हुए मुर्गा-शराब के लिए जबरन पैसे मांगने लगा। जब प्रार्थी ने पैसे नहीं होने की बात कही, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से उसके बाएं कुल्हे में वार कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को तत्काल शासकीय अस्पताल गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। मामले की रिपोर्ट 09 फरवरी 2026 को चौकी करेलीबड़ी में दर्ज कर जांच शुरू की गई।
करेलीबड़ी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए गए, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें धारदार हथियार से चोट लगना पुष्टि हुई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी त्रिलोकी साहू (25 वर्ष), निवासी ग्राम बुडेनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया और उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 27/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

