अकलाडोंगरी लिंक कोर्ट में राजस्व मामलों का त्वरित निराकरण, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
गाँव में ही मिला न्याय, ग्रामीणों ने कलेक्टर का जताया आभार
उत्तम साहू
धमतरी, 16 अप्रैल 2026। जिला प्रशासन धमतरी द्वारा दूरस्थ एवं डूबान प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व सेवाओं को आमजन तक सहज और समयबद्ध रूप से पहुँचाने के लिए किए जा रहे नवाचार अब सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। कलेक्टर के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत भवन अकलाडोंगरी में आयोजित लिंक कोर्ट के माध्यम से आज कई राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
लिंक कोर्ट की कार्यवाही के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने आवेदन लेकर पहुँचे। पीठासीन अधिकारी ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ मामलों की सुनवाई करते हुए त्रुटि सुधार से जुड़े 03 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। वहीं फौती नामांतरण के 02, क्रय-विक्रय आधारित नामांतरण के 02, भूमि सीमांकन का 01 तथा खाता विभाजन का 01 नया आवेदन भी प्राप्त हुआ।
आज की कार्यवाही की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि एक जटिल और विवादित नामांतरण प्रकरण का स्थानीय स्तर पर समाधान रहा। इस मामले में संबंधित सभी 12 हितबद्ध पक्षकारों के बयान मौके पर ही दर्ज किए गए, जिससे लंबे समय से लंबित प्रक्रिया को गति मिली और अनावश्यक विलंब की स्थिति समाप्त हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले ऐसे मामलों के लिए तहसील मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। अब गाँव में ही सुनवाई होने से न केवल सुविधा बढ़ी है, बल्कि प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राजस्व सेवाएँ जन-जन तक सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुँचें। इसी क्रम में प्रत्येक गुरुवार को अकलाडोंगरी तथा प्रत्येक शुक्रवार को बोरई में नियमित रूप से लिंक कोर्ट का आयोजन किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को उनके निकट ही शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सके।
गाँव में त्वरित न्याय मिलने और प्रक्रियाओं के सरलीकरण से संतुष्ट ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस जनोन्मुखी पहल की सराहना करते हुए कलेक्टर धमतरी के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल न केवल प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण है, बल्कि सुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का भी सशक्त प्रतीक बनकर उभरी है।

