फुटहामुड़ा नहर परियोजना: निरीक्षण व संवाद से समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी

0

 फुटहामुड़ा नहर परियोजना: निरीक्षण व संवाद से समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी


उत्तम साहू 

धमतरी, 22 अप्रैल 2026/- कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले में संचालित फुटहामुड़ा नहर परियोजना के कार्यों को गति देने तथा कृषकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन श्री हेमलाल कुरेशिया ने मंगलवार को ग्राम जोगीडीह एवं गाड़ाघाट में निर्माणाधीन नहर का स्थलीय निरीक्षण किया तथा वहां के कृषकों के साथ संवाद स्थापित किया।


निरीक्षण के दौरान कृषकों द्वारा सिंचाई व्यवस्था, भूमि अर्जन (भू-अर्जन) एवं निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा गया। कार्यपालन अभियंता ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं व्यवहारिक समाधान के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय किए जा रहे हैं।


ग्राम जोगीडीह के कृषकों द्वारा अतिरिक्त सिंचाई सुविधा की मांग पर कार्यपालन अभियंता ने सर्वे कराकर निर्माणाधीन फुटहामुड़ा नहर में लिफ्ट एरिगेशन प्रणाली के माध्यम से ग्राम फुटहामुड़ा तक सिंचाई पहुंचाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने की बात कही। इससे क्षेत्र के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलने की संभावना प्रबल होगी।


उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा सोमवार को परियोजना से प्रभावित ग्रामों के कृषकों की बैठक लेकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समय सीमा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा कृषकों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए।


फुटहामुड़ा नहर परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे कृषकों की आय में वृद्धि के साथ ही कृषि उत्पादन को भी नई दिशा मिलेगी। जिला प्रशासन इस महत्वाकांक्षी परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !