मैदान में उतरे कलेक्टर, विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर कड़ी नजर
खेती, नर्सरी और दुग्ध केंद्र से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
उत्तम साहू,धमतरी, 22 अप्रैल 2026।
जिले में संचालित विकास एवं आजीविका संवर्धन कार्यों की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने कुरूद विकासखंड के ग्राम दरबा, कोटगांव और भाटागांव का दौरा कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति और गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूर्ण करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
भ्रमण की शुरुआत ग्राम दरबा से हुई, जहां कलेक्टर ने किसानों द्वारा की जा रही गेंदा फूल की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उत्पादन, लागत और विपणन की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी फसलें किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं और फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी सहयोग व बाजार से बेहतर समन्वय जरूरी है।
इसके बाद ग्राम कोटगांव में औषधीय नर्सरी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पौधों की गुणवत्ता और नर्सरी के व्यवस्थित विकास पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय युवाओं को इस गतिविधि से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि औषधीय खेती न केवल किसानों के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को भी मजबूती देती है।
भ्रमण के दौरान ग्राम भाटागांव में निर्माणाधीन दुग्ध कलेक्शन सेंटर का औचक निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य को तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सेंटर शुरू होने से पशुपालकों को उचित मूल्य पर दूध विक्रय की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए नवाचार और आपसी समन्वय के साथ काम करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कुरूद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित सेन, एसडीओ आरईएस श्री विनोद दीवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

