मगरलोड में पीएमएफएमई कार्यशाला : 14 हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत, स्वरोजगार को मिली नई दिशा
उत्तम साहू
धमतरी, 22 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में मगरलोड जनपद पंचायत में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में स्थानीय युवाओं, किसानों और इच्छुक हितग्राहियों को योजना के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को 35 प्रतिशत अनुदान की सुविधा, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया तथा फूड प्रोसेसिंग से जुड़े संभावित व्यवसायों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या ठाकुर, उद्योग विभाग की प्रबंधक श्री प्रचेता किरण एवं जिला संसाधन व्यक्ति (डीआरपी) डॉ. संदीप मेश्राम सहित कृषि, उद्यानिकी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में कृषकों एवं ग्रामीण हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक कार्यशाला में भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान कुल 14 हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत किए गए, जिससे उन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
यह कार्यशाला स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक एवं सकारात्मक पहल के रूप में सामने आई है।

