एसबीआई नगरी ने आयोजित की पेंशनर्स मीट, वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान
उत्तम साहू
नगरी-सिहावा। पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान, जागरूकता बढ़ाने और बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से State Bank of India की नगरी शाखा द्वारा पेंशनर्स समाज तहसील शाखा नगरी में एक विशेष पेंशनर्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में Bank of Baroda नगरी के पेंशनर्स भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक ने पेंशनर्स को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपायों के साथ-साथ विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शासकीय भविष्य निधि योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए बैंक हर संभव प्रयास करेगा और उन्हें सभी उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
इस अवसर पर 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पेंशनर्स का शाल, श्रीफल, मोमेंटो और कैलेंडर भेंट कर सम्मान किया गया, जिससे कार्यक्रम में विशेष उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में एसबीआई नगरी के शाखा प्रबंधक शुभम गढ़वाल, सिंह साहब सहित छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज तहसील शाखा नगरी के पदाधिकारी एवं जोन प्रभारीगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पेंशनर्स की भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया।
अंत में अध्यक्ष आर. एल. देव ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।


