मुख्य मार्ग पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
उत्तम साहू
धमतरी, 12 अप्रैल 2026। धमतरी जिले की करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को कुछ ही मिनटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम करेलीबड़ी के मजराटोला स्थित बिजली ऑफिस के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा रहा है और क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने युवक को हाथ में काले रंग का धारदार चाकू लहराते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय साहू (20 वर्ष), पिता नरेन्द्र साहू, निवासी करेलीबड़ी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 12 इंच लंबा स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। हथियार के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी घटना टल गई।

