राइफल शूटिंग में केवी धमतरी की बेटियों का दमदार प्रदर्शन: लक्ष्य पर सटीक निशाना, सपनों को मिली नई उड़ान
उत्तम साहू
धमतरी/ महासमुंद में आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन की संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के अंतर्गत राइफल शूटिंग में धमतरी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच केवी धमतरी की बालिकाओं ने अपने खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया।
शूटिंग के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बना चुकी इन खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि सफलता किसी की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत, आत्मविश्वास और मजबूत इरादों से हासिल की जाती है। इस ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी खिलाड़ी बालिकाओं ने धैर्य, एकाग्रता और आत्मबल का शानदार परिचय दिया। विजेता बालिकाओं ने न केवल लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा, बल्कि यह भी दिखाया कि कठिन परिश्रम और लगन से हर सपना साकार किया जा सकता है।
पुलिस विभाग धमतरी में पदस्थ श्री अमित सिंह की होनहार सुपुत्री स्वास्तिका सिंह ने अंडर 19 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी मेहनत और अनुशासन से सभी को प्रेरित करते हुए प्रतियोगिता में सर्वाधिक स्कोर कर नया मीट रिकॉर्ड भी बनाया। द्वितीय स्थान पर शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक श्री अनुभव सोनवानी की सुपुत्री सोनिया रहीं।
वहीं अंडर 14 वर्ग में श्रेया देवांगन ने स्वर्ण पदक, अनिका वैष्णव ने रजत पदक तथा वंदिता साहू ने कांस्य पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुईं। बालिकाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर प्रयास से सफलता की राह बनाई जा सकती है।
बालक वर्ग में राज निषाद ने अंडर 19 में स्वर्ण पदक तथा प्रतीक साहू ने रजत पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन सुनिश्चित किया। सभी प्रतिभागियों ने अपने साहस और आत्मविश्वास से प्रतियोगिता को यादगार बना दिया और धमतरी जिले को गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संजय कंसल, प्राचार्य केवी महासमुंद ने अपने संबोधन में कहा कि “निशाना केवल लक्ष्य पर नहीं, बल्कि अपने सपनों पर साधना चाहिए।” उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार और जीत दोनों ही जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन जो कभी हार नहीं मानते, वही असली विजेता होते हैं।
इन बालिकाओं की सफलता यह संदेश देती है कि यदि इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। सभी खिलाड़ी कोच श्री एस. के. पांडेय के निर्देशन में नियमित कठिन अभ्यास कर रहे हैं। कोच का मानना है कि यदि इन खिलाड़ियों को आधुनिक खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, तो वे भविष्य में शूटिंग खेल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

