नगरी में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ी पहल, सिविल अस्पताल में HPV टीकाकरण शुरू
उत्तम साहू
नगरी। महिलाओं में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के लिए नगरी में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन के निर्देशानुसार सिविल अस्पताल नगरी में विशेष टीकाकरण अभियान के तहत निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन की शुरुआत की गई।
इस अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी, लेकिन 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को लक्षित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस उम्र में दिया गया टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम कर देता है।
क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम ने दूरभाष के माध्यम से हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं और अस्पताल स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि यह वैक्सीन महिलाओं के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एन. सोम ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इसे रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके दुष्प्रभाव नगण्य हैं।
खंड कार्यक्रम प्रबंधक हितेंद्र साहू ने बताया कि अभियान के तहत उन बालिकाओं को प्राथमिकता दी जा रही है जो 13 वर्ष की आयु पूरी कर 14वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी हैं, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। निजी संस्थानों में यह टीका जहां लगभग 4000 रुपये प्रति डोज (दो डोज) में उपलब्ध है, वहीं सिविल अस्पताल नगरी में यह निःशुल्क सिंगल डोज के रूप में दिया जा रहा है।
सुविधा के लिए सप्ताह के अलग-अलग दिनों में विभिन्न सेक्टरों के लिए टीकाकरण दिवस निर्धारित किए गए हैं—
- सोमवार: कुकरेल, केरेगांव, गट्टासिली
- बुधवार: बेलरगांव, बोरई
- गुरुवार: सांकरा
- शनिवार: दुगली, सिहावा
टीकाकरण का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
अभियान के पहले दिन 6 बालिकाओं को विशेषज्ञों की निगरानी में टीका लगाया गया। सभी बालिकाएं टीकाकरण के बाद पूरी तरह स्वस्थ हैं। अस्पताल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड के साथ अस्पताल पहुंचकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान बीईटीओ एल.आर. नागेश, स्टाफ नर्स संदीप शुक्ला, वैक्सीनेटर शशिकला बारले, आरएचओ नीरेंद्र साहू सहित नगर पंचायत के मितानिन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



