धमतरी..ऑनलाइन IPL सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़: आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
उत्तम साहू
धमतरी, 28 अप्रैल 2026। जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मोबाइल ऐप और UPI के जरिए संचालित हाईटेक सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने इस अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनमोहन पटेल उर्फ छोटू (43 वर्ष), निवासी बनियापारा धमतरी, को गिरफ्तार किया।
ऐसे चलता था सट्टा कारोबार
पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल में GOLDENEXCH.COM नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल टी-20 मैचों पर हार-जीत का दांव लगवाता था। ग्राहकों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराकर UPI व ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से पैसे का लेन-देन किया जाता था। नए ग्राहकों को जोड़ने पर कमीशन भी लिया जाता था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का सीधा संपर्क पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी शंकर मंगलानी से था, जो पूरे नेटवर्क का संचालन कर लोगों को सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने किया सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक OPPO F15 मोबाइल फोन (कीमत करीब 10 हजार रुपये) जब्त किया है, जिसका उपयोग सट्टा संचालन में किया जा रहा था। साथ ही बैंक खातों और UPI ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है।
कानूनी कार्रवाई
मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन जुआ और सट्टा जैसे अवैध कार्यों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

