नगरी..राजपुर विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम सराहनीय, 10वीं में 100% सफलता
उत्तम साहू
नगरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजपुर का इस वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा है। विद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) में 100% परिणाम तथा हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) में 83.33% परिणाम दर्ज किया। इस प्रकार विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 92% रहा।
कक्षा 10वीं में विश्वास दास मानिकपुरी ने 90.66% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं भोजराज मरकाम (87%) द्वितीय तथा कुमारी आरती ध्रुव (86.33%) तृतीय स्थान पर रहीं। इस कक्षा में 18 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी और 9 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
कक्षा 12वीं में तेजेश्वर कुमार कोसरिया ने 82.8% अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुमारी दुर्गा (80.6%) द्वितीय तथा विकास कुमार (69.4%) तृतीय स्थान पर रहे। इस कक्षा में 9 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 16 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतोष निषाद, सरपंच उत्तम नेताम, उपसरपंच जयकृष्णा साहू सहित ग्राम के जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार टंडन तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

