तेज रफ्तार का कहर: छिपली पुलिया के पास मारुति कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, नर्स गंभीर रूप से घायल
उत्तम साहू
मगरलोड। विकासखंड मगरलोड क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मोहंदी-मेघा मार्ग स्थित छिपली पुलिया के पास का है, जहां एक तेज रफ्तार मारुति कार और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार नर्स गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम राजपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्टाफ नर्स रुद्राणी निषाद अपने स्कूटी (क्रमांक सीजी 04 एनओ 2650) से मेघा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित बैठक में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान मेघा की ओर से आ रही तेज रफ्तार मारुति कार (क्रमांक सीजी 23 एच 9312) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नर्स रुद्राणी निषाद मौके पर ही बेहोश हो गईं। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिर और पैर में गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उक्त मारुति कार मोहंदी क्षेत्र के किसी व्यक्ति की है। इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा मेमो भेजे जाने के बाद मगरलोड पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी।
हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शारदा ठाकुर ने नर्स की स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर किए जाने की पुष्टि की है।
फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।

