लोहरसी में 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का समापन
उत्तम साहू
बच्चों ने सीखी ड्राइंग, पेंटिंग, रंगोली, डांस और पेपर क्राफ्ट की बारीकियां
धमतरी। ग्राम लोहरसी स्थित साहू समाज भवन में जिला साहू समाज अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के आह्वान पर आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन समर कैंप का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। समर कैंप में बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद साहू, अध्यक्ष अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उचित मार्गदर्शन और मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने बच्चों को लगातार नई चीजें सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।
समर कैंप में विजय लक्ष्मी साहू एवं अरुण साहू द्वारा बच्चों को रंगोली, ड्राइंग, पेंटिंग, डांस, पेपर क्राफ्ट, योग-व्यायाम, पारंपरिक खेल, कागज के फूल और टोपी बनाना सिखाया गया। बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
सरपंच माहेश्वरी गजेंद्र ने सर्व समाज के बच्चों के लिए आयोजित इस समर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं गजानन साहू ने बच्चों को प्रतिदिन नए कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया।
परिक्षेत्रीय अध्यक्ष रूपेंद्र गंजीर एवं उपाध्यक्ष महेश्वर गंजीर ने व्यक्तित्व विकास के साथ समाज विकास पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में अतिथियों का श्रीफल, गुलदस्ता एवं पुष्प देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन भारत लाल साहू ने किया। ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमलाल गंगबेर ने कैंप के दौरान प्रतिदिन व्यवस्थाएं संभालीं, जिससे बच्चों को पेपर क्राफ्ट, पारंपरिक खेल, योग, व्यायाम और क्ले आर्ट का बेहतर प्रशिक्षण मिल सका।
इस अवसर पर संरक्षक एन.के. साहू, दयानंद साहू, भूपेंद्र गंजीर, उमाशंकर, अरुण कुमार, सरजूराम, हेमूलाल, भाऊलाल, सुनीता गंजीर, पंकज साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक जन एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

