कलेक्ट्रेट में घूसखोरी का खेल बेनकाब, 15 हजार लेते ही ACB ने दबोचा बाबू को
बिलासपुर / एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई से कलेक्ट्रेट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अतिरिक्त न्यायालय जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक विजय पांडेय को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप से जुड़ा है, जिन पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। आरोप है कि जुर्माने की रकम कम कराने के नाम पर लिपिक ने 15 हजार रुपए की मांग की थी। परेशान फरियादी ने इसकी शिकायत सीधे ACB से कर दी।
शिकायत की पुष्टि होते ही ACB ने पूरा जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। जैसे ही विजय पांडेय ने पैसे हाथ में लिए, पहले से घात लगाए टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में चर्चा और हलचल तेज हो गई। ACB ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

