जन्मदिन की पार्टी नहीं, समाजसेवा का संकल्प: 17 वर्षीय मुकुंद सोनी ने दी नई सोच की मिसाल
उत्तम साहू,नगरी। आज के समय में जन्मदिन का मतलब अक्सर महंगे होटल, केक, पार्टी और दिखावे से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन नगरी के एक 17 वर्षीय युवक ने अपने जन्मदिन को समाजसेवा का उत्सव बनाकर यह साबित कर दिया कि खुशियों का असली अर्थ दूसरों के जीवन में राहत और सुविधा पहुंचाने में है।
नगर के प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसायी एवं जीनियस पब्लिक स्कूल के संचालक मोहन सोनी के पुत्र मुकुंद सोनी ने अपने 17वें जन्मदिन पर ऐसा कार्य किया, जिसकी चर्चा पूरे नगर में प्रेरणा के रूप में हो रही है। उन्होंने अपने स्वर्गीय दादा सेठ बस्तीमल जी सोनी की स्मृति में वार्ड क्रमांक 9 स्थित मुक्तिधाम में एक वाटर कूलर भेंट किया। इतना ही नहीं, मंडी परिसर के सामने किसानों और राहगीरों को भीषण गर्मी में शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एक और वाटर कूलर तथा पानी टंकी की व्यवस्था कराई।
भीषण गर्मी के इस दौर में जहां ठंडे पानी की एक बूंद भी राहत देती है, वहां मुकुंद की यह पहल केवल एक दान नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक बन गई है। कम उम्र में समाज के प्रति उनकी यह भावना युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
पूर्वजों की स्मृति को जनसेवा से जोड़ने की अनूठी पहल
कार्यक्रम में नगर के समाजसेवी अनिल वाधवानी ने भी अपने स्वर्गीय पिता मुरलीधर वाधवानी की स्मृति में मुक्तिधाम परिसर के लिए सीसीटीवी कैमरे प्रदान किए। मुक्तिधाम में असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को देखते हुए यह व्यवस्था सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वहीं व्यवसायी प्रेमजीत सिंह छाबड़ा ने अपनी माता स्वर्गीय सरदारनी चरणजीत कौर छाबड़ा की स्मृति में ध्वनि यंत्र (साउंड सिस्टम) भेंट किया। यह व्यवस्था अंतिम संस्कार एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
माता के हाथों हुआ लोकार्पण, भावुक हुआ माहौल
दोनों वाटर कूलरों का विधिवत लोकार्पण श्रीमती पार्वती सोनी, धर्मपत्नी स्वर्गीय सेठ बस्तीमल जी सोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने परिवार की समाजसेवा और जनहित की भावना की सराहना की।
"ऐसे कार्य ही सच्ची श्रद्धांजलि हैं" – बलजीत छाबड़ा
नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने सभी समाजसेवी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने पूर्वजों और स्वजनों की स्मृति में जनहित के कार्य करना समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास दिवंगत आत्माओं को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ समाज को स्थायी लाभ भी पहुंचाते हैं।
उन्होंने नगरवासियों से भी आह्वान किया कि वे अपने परिजनों की स्मृति को केवल औपचारिकताओं तक सीमित न रखें, बल्कि जनकल्याण के कार्यों से जोड़कर समाज को नई दिशा दें। अध्यक्ष ने विशेष रूप से मुकुंद सोनी की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में समाजसेवा का यह भाव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में सभापति अश्वनी निषाद, शंकर देव, पार्षद जयंती, टुकेश्वरी साहू, मिक्की गुप्ता, अंबिका ध्रुव, चेलेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, नरेश पटेल, राजा पवार, संतोष अगलावे, शंकर पंजाबी, योगेश साहू, लक्ष्मी गुप्ता, विनय नाग एवं संजू निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

