पलारी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
उत्तम साहू
बालोद/पलारी। नगर पंचायत पलारी के आम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने रविवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नगर पंचायत अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू एवं पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा और प्रचार अभियान में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई को लेकर जमकर हमला बोला।
सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता और किसान दोनों प्रभावित हैं। उन्होंने भाजपा की गारंटी को "फेल गारंटी" बताते हुए मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।
कार्यक्रम में संगीता सिन्हा ने भी कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क किया और घर-घर जाकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस को बहुमत दिलाना आवश्यक है।
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने अपने संबोधन में भाजपा की साय सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद की बढ़ती कीमतों ने किसानों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, शिव डहरिया, विधायक कुंवर सिंह निषाद, विधायक सावित्री मंडावी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद विशाल रैली निकाली गई, जो पूरे उत्साह और जोश के साथ सभा स्थल पहुंची। रैली और सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थकों की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जनता का रुझान कांग्रेस की ओर है और नगर पंचायत चुनाव में पार्टी को व्यापक समर्थन मिलेगा। वहीं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।



